गोदारा बंधुओं का सम्मेलन कल, देशभर से जुटेंगे समाज के प्रतिनिधि

श्रीगंगानगर। गोदारा समाज के बंधुओं के लिए आयोजित होने वाला मधुर मिलन सम्मेलन रविवार को एसएसपी रोड स्थित एआरजी रिसोर्ट में संपन्न होगा। इस सम्मेलन में भारत के विभिन्न राज्यों से गोदारा समाज के प्रतिनिधि एवं परिवारजन सहभागिता करेंगे। आयोजन का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, एकता और सहयोग को सुदृढ़ करना है।

सम्मेलन की तैयारियों को लेकर एआरजी रिसोर्ट में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता श्रीमती मुत्री देवी गोदारा ने की। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया।

आयोजन समिति ने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजकों ने समाज के सभी बंधुओं से समय पर पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।